चतरा में महिला उद्यमियों के लिए कार्यशाला, व्यवसाय विस्तार को मिलेगा प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता

झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के तहत महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण एवं व्यवसाय विस्तार की जानकारी

उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यशाला का उद्घाटन, महिला उद्यमियों को बाजार संपर्क एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने पर जोर

महफ़ूज़ आलम / चतरा :
समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आज झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के अंतर्गत महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता एवं बाजार संपर्क (Market Linkage) जैसी सुविधाओं से जोड़कर उनके व्यवसाय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) द्वारा अनुमोदित पहल है, जिसे झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) एवं आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क (IIM Calcutta Innovation Park) के संयुक्त सहयोग से क्रियान्वित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों को नए व्यवसायों से जोड़ना, उनके व्यवसायों को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा वित्तीय सहायता एवं बाजार संपर्क की सुविधाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचीं जेएसएलपीएस की सखी मंडल दीदियों एवं महिला उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की दीदियों द्वारा उत्पादित सामग्रियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने महिला उद्यमियों को कार्यक्रम के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

आईआईएम कलकत्ता से प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित आलोक रंजन एवं देवी प्रसाद ने कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से जिले एवं राज्य स्तर पर कुल 150 उत्कृष्ट महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा। चयनित उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए ₹10 लाख तक का अनुदान/ब्याज-मुक्त ऋण प्रदान किए जाने का प्रावधान बताया गया।

कार्यशाला में महिला उद्यमियों को आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क की विशेषज्ञ टीम द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन (Mentorship), व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं इनक्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग, आधुनिक उपकरणों की जानकारी, नेटवर्किंग एवं सरकारी योजनाओं के साथ लिंकेज स्थापित करने में सहयोग प्रदान किए जाने के संबंध में भी बताया गया।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर

कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्य, उनके परिवार के निकट संबंधी, पंजीकृत व्यवसाय संचालित करने वाले उद्यमी तथा विनिर्माण (Manufacturing) एवं सेवा (Services) क्षेत्र में कार्यरत महिला उद्यमी आवेदन कर सकती हैं। इच्छुक एवं पात्र महिला उद्यमी ऑनलाइन पोर्टल https://nipjharkhand.iimcip.net के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम में नजारत उप समाहर्ता, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), जिला मिशन प्रबंधक (DM), आईआईएम कलकत्ता के प्रशिक्षक श्री आलोक रंजन एवं श्री देवी प्रसाद, सभी प्रखंडों से BPM, BPO, FTC तथा सखी मंडल की महिला उद्यमी दीदियां उपस्थित रहीं।