चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार, 14 मोबाइल समेत सैटेलाइट रिसीवर बरामद

चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार, 14 मोबाइल समेत सैटेलाइट रिसीवर बरामद

पम्मी लाल चौक की मोबाइल दुकान में बेचने पहुंचे थे फोन, पुलिस ने दोनों को पकड़ा

हरिहरगंज (पलामू)। हरिहरगंज बाजार में चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से 14 मोबाइल फोन, एक सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार (23), पिता रामाश्रय राम, निवासी बेला, थाना टंडवा (बिहार) और भोलू कुमार (19), पिता ब्रजेश राम, निवासी खड़गपुर, थाना हरिहरगंज के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हरिहरगंज थाना के एएसआई जावेद गश्ती ड्यूटी पर थे। इसी दौरान करीब 19:45 बजे सूचना मिली कि पम्मी लाल चौक स्थित गोल्डेन मोबाइल दुकान में दो युवक चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों युवक दुकान में मौजूद मिले।

पूछताछ के दौरान दोनों युवक मोबाइल बेचने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से आईटेल कंपनी के आठ कीपैड मोबाइल, लावा कंपनी के पांच कीपैड मोबाइल और गोल्ड प्लस कंपनी का एक मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा एक सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर समेत अन्य सामान भी मिला।

वैध कागजात नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और अन्य सामान के संबंध में दोनों युवक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बरामद सामान जब्त कर लिया।

मामले में बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मोबाइल के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के स्रोत और इनके चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी चोरी के मोबाइल कहां से लाए थे और इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

पलामू, हरिहरगंज संवाददाता : मनोज कुमार गुप्ता