छतरपुर में दागी परेड और क्राइम मीटिंग, 22 दागियों को अपराध से दूर रहने की हिदायत

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में दागी परेड एवं क्राइम मीटिंग आयोजित

पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर श्री प्रशांत कुमार के कार्यालय में दागी परेड एवं क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।

दागी परेड में पूरे अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 22 चिन्हित दागी उपस्थित हुए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा उपस्थित दागियों की गतिविधियों एवं वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई तथा उन्हें स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों और न ही अपराधियों को किसी प्रकार का सहयोग या संरक्षण दें।

सभी दागियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस द्वारा उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके उपरांत आयोजित क्राइम मीटिंग में अनुमंडल क्षेत्र के थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध की स्थिति, लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा गंभीर कांडों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि दागी एवं सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी, नियमित सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं वाहन जांच को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आम जनता की सुरक्षा एवं क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।