छठ पर रेलवे की बड़ी राहत, सियालदह और कोलकाता से चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें
छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए पूर्व रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें सियालदह से जयनगर और बलिया के अलावा कोलकाता से गोरखपुर के बीच चलाई जाएंगी।
पहली ट्रेन सियालदह-जयनगर स्पेशल 12 नवंबर को, दूसरी सियालदह-बलिया स्पेशल 11 नवंबर को और तीसरी कोलकाता-गोरखपुर स्पेशल 13 नवंबर को रवाना होगी। इन ट्रेनों का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है। इससे झारखंड के यात्रियों को भी सफर में सुविधा मिलेगी।
तीनों ट्रेनें अनारक्षित होंगी। रेलवे की इस व्यवस्था से पश्चिम बंगाल से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा। छठ के दौरान घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों को भीड़ और टिकट की परेशानी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

