चाणक्य पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनी श्री कृष्ण जन्माष्टमी, बच्चों ने मटकी फोड़ में दिखाया उत्साह

चाणक्य पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनी श्री कृष्ण जन्माष्टमी, बच्चों ने मटकी फोड़ में दिखाया उत्साह

गिरिडीह। सिरसिया स्थित चाणक्य पब्लिक स्कूल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थी श्री कृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर आधारित अभिनय प्रस्तुति से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने मनमोहक कृष्ण-राधा नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, श्री कृष्ण और सुदामा की अटूट मित्रता पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

श्री कृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में केक भी काटा गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक गोविंदा नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मटकी फोड़ रहा, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा व उत्साह का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक राहुल कुमार बर्मन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवान श्री कृष्ण के जीवन से सत्य, धर्म, प्रेम, मित्रता और कर्तव्य की प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों के सहयोग और मार्गदर्शन में पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति, उमंग और उत्साह का माहौल बना रहा।