बरगंडा में गूंजा श्रीकृष्ण का जयकारा, रासलीला में भक्ति के रंग में डूबा विश्वनाथ मंदिर परिसर

बरगंडा में गूंजा श्रीकृष्ण का जयकारा, रासलीला में भक्ति के रंग में डूबा विश्वनाथ मंदिर परिसर

गिरिडीह। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बरगंडा सार्वजनिक काली मंडा, श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में भव्य श्री कृष्ण रासलीला का आयोजन किया गया। रासलीला के दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
आजमगढ़ से पहुंची रासलीला की टीम ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का बेहद मनमोहक मंचन किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बाल कृष्ण की लीलाओं से लेकर भगवान की विभिन्न मनमोहक झांकियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में डूबे नजर आए।
रासलीला के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनंद लिया और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन मंदिर कमेटी के सौजन्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदीप अग्रवाल, पवन संघई, उपेंद्र बरनवाल ,सूरज जायसवाल, प्रमोद अग्रवाल, जोहार साह, रवि रंजन, मनोज संघई, प्रकाश राज, कबीराज, आलोक रंजन, शत्रुघ्न राम, लालू और पप्पू राम सहित कई लोग मौजूद रहे।
मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों के सामूहिक सहयोग से आयोजित यह रासलीला कार्यक्रम भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर एक यादगार आयोजन बन गया।