बकोरिया में दर्दनाक हादसा: सवारी गाड़ी की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
सवारी गाड़ी ने साइकिल सवार को कुचला: 50 फीट
तक घसीटा, हुई मौत, ग्रामीणों ने किया विरोध, चालक फरार
पलामू में रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग स्थित बकोरिया में एक सवारी गाड़ी ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय मुकिम आलम की मौत हो गई। घटना रविवार की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकिम आलम बकोरिया बाजार से साइकिल पर घर लौट रहे थे।
सड़क पार करते समय मेदिनीनगर से आ रही सवारी गाड़ी (JH 03X 7177) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे गाड़ी के बोनट पर जा गिरे। गाड़ी उन्हें लगभग 50 फीट तक घसीटती ले गई। इसके बाद वे सड़क पर गिर गए और गाड़ी का टायर उनके सिर पर से गुजर गया।
अस्पताल में मृत घोषित
ग्रामीणों ने तुरंत घायल मुकिम को नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सतबरवा पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए MMCH मेदिनीनगर भेज दिया।
मेन रोड 20 मिनट रहा जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग को 20 मिनट तक जाम कर दिया। एएसआई बसंत दुबे सहित सतबरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की समझाइश के बाद जाम हटा। सीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया।
