बिरयानी खाने के बाद एक परिवार के तीन सदस्य बीमार, जांच में जुटा प्रशासन

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में एक ही परिवार के तीन सदस्य बिरयानी खाने से बीमार हो गए। पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शहर के भंडारीडीह के पास स्थित “झारखंड फास्ट फूड” नामक दुकान से घर लाई गई बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबियत बिगड़ गई। घटना में दो साल के मासूम समेत तीनों को गंभीर उल्टियों और पेट दर्द के बाद गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
पीड़ित मो. आजम ने बताया कि वे कल देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौटते समय स्वर्ण सिनेमा के बगल स्थित झारखंड फास्ट फूड दुकान से बिरयानी का पार्सल लेकर घर लाए। आजम, उनकी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा ने मिलकर बिरयानी खाई। कुछ ही समय बाद तीनों की तबियत खराब होने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। घर के अन्य सदस्यों ने तत्काल इलाज के लिए तीनों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
मो. आजम ने दुकानदार पर विषाक्त या खराब बिरयानी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घर में कुल नौ सदस्य हैं, लेकिन केवल वही तीन लोगों ने बिरयानी खाई और केवल इन्हीं की तबियत बिगड़ी। पीड़ित पक्ष ने मामले की तफ्तीश और जिम्मेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार तीनों मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उनकी निगरानी चल रही है।
स्थानीय लोगों ने इलाके में बिकने वाले तैयार खाने की गुणवत्ता और सफाई पर चिंता जताई है और दुकानदारों के खिलाफ नियमित जांच की मांग करते हुए कहा कि सेहत से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं फास्ट फूड संचालक का कहना है कि उनका प्रतिष्ठान एक विश्वसनीय प्रतिष्ठान है, जो खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते बहुत ही स्वच्छता के साथ खाद्य बनाने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि उनके प्रतिष्ठान में रोज़ 30 केजी चावल की बिरयानी तैयार की जाती है, कल भी इतना ही तैयार किया गया था, मगर किसी भी ग्राहकों ने कोई शिकायत नहीं की है। उनके प्रतिष्ठान पर लगे सारे आरोप बेबुनियाद है।
दोनों ओर से आरोप और सफाई के बाद मामला जांच का विषय बन गया है।