भ्रष्टाचार कैंसर से भी खतरनाक, अब जनता होगी मुखर : रूचिर तिवारी

भ्रष्टाचार कैंसर से भी खतरनाक, अब जनता होगी मुखर : रूचिर तिवारी
चियांकी में पदयात्रा के दौरान बोले भाकपा जिला सचिव — सिस्टम में सड़ांध गहरी, बदलाव की लड़ाई जरूरी

मेदिनीनगर, पलामू: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार अब कैंसर से भी खतरनाक बीमारी का रूप ले चुका है। अगर इसका इलाज वक्त रहते नहीं किया गया तो पूरा समाज इसके चपेट में आ जाएगा। रविवार को वे सदर अंचल के ग्राम चियांकी में आयोजित पदयात्रा के दूसरे दिन ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
श्री तिवारी ने कहा कि चियांकी क्षेत्र में दलित, आदिवासी रैयतों की खतियानी जमीनों पर एनएच-75 निर्माण के नाम पर भारी गड़बड़ी की गई है। सदर अंचलाधिकारी के द्वारा रैयतों की जमीन का एलपीसी किसी और व्यक्ति के नाम जारी कर करोड़ों रुपये की उगाही की गई। इस भ्रष्टाचार के खेल में अमीन और अन्य कर्मियों की मिलीभगत भी उजागर हो रही है।ग्रामीणों ने बताया कि सदर अंचलाधिकारी ने स्थानीय आदिवासी लोगों पर झूठे मुकदमे भी किए थे, हालांकि अब न्यायालय से उन्हें राहत मिली है। ग्रामीणों ने कहा कि अंचल कार्यालय में बिना पैसे कोई काम नहीं होता, चाहे वह रसीद कटवाने का मामला हो या म्यूटेशन का, गरीब, दलित और ओबीसी वर्ग के लोग सबसे अधिक शोषित हैं।
रूचिर तिवारी ने कहा कि कुछ लोग भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह रोग सिर्फ पलामू नहीं, पूरे झारखंड में फैल चुका है। अब वक्त आ गया है कि आम जनता मुखर होकर इस सिस्टम के खिलाफ आवाज बुलंद करे।इस मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष उमेश सिंह चेरो ने कहा कि सदर अंचल की मनमानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ना जरूरी है।वहीं, करीमन पासवान ने कहा कि रूचिर तिवारी जात नहीं, जमात की राजनीति करते हैं और शुरू से ही जनता के हक की लड़ाई लड़ते आए हैं।पदयात्रा में सनी सिंह, राजा सिंह, शंकर सिंह, फोटो सिंह, सोनू अहमद, नसीम राइन, अजय कुमार एवं बशु सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे