भरनो में भीषण सड़क हादसा: दुम्बो मंदिर के पास अनियंत्रित कार पलटी, चार घायल

भरनो में भीषण सड़क हादसा: दुम्बो मंदिर के पास अनियंत्रित कार पलटी, चार घायल

भरनो (गुमला)। गुमला–रांची मुख्य मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर दुम्बो मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान रांची के चिरौंदी निवासी अविनाश चौरसिया (38), लक्ष्मी देवी (55), प्रभा देवी (36) और प्रभा देवी की पुत्री अदिति चौरसिया (16) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लोग Maruti Suzuki की ग्रैंड विटारा कार से चिरौंदी (रांची) से गुमला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुम्बो मंदिर के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर उछलकर सड़क के दूसरी ओर पलटते हुए खेत में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही भरनो थाना के सब इंस्पेक्टर अभिनंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाना भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई झपकी बताया जा रहा है।

You may have missed