भारत में सबसे ज्यादा अनपेड ओवरटाइम! हर हफ्ते 16 घंटे से ज्यादा बिना भुगतान काम कर रहे 24% कर्मचारी

भारत में सबसे ज्यादा अनपेड ओवरटाइम! हर हफ्ते 16 घंटे से ज्यादा बिना भुगतान काम कर रहे 24% कर्मचारी

नई दिल्ली। काम के बढ़ते दबाव और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर सामने आई ADP की ‘People at Work 2026’ रिपोर्ट ने भारत में नौकरीपेशा लोगों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में शामिल भारतीय कर्मचारियों में 24 प्रतिशत लोग हर सप्ताह 16 घंटे या उससे ज्यादा अतिरिक्त काम बिना भुगतान के करते हैं। यह हिस्सा सर्वे में शामिल सभी बाजारों में सबसे ज्यादा है। रिपोर्ट 36 बाजारों में 39 हजार से अधिक कामकाजी लोगों के सर्वे पर आधारित है।

रिपोर्ट के अनुसार भारत में 40 प्रतिशत कर्मचारी हर सप्ताह 6 से 15 घंटे तक बिना भुगतान के अतिरिक्त काम करते हैं। यानी सर्वे में शामिल करीब दो-तिहाई भारतीय कर्मचारियों ने बताया कि वे सप्ताह में कम से कम 6 घंटे ऐसा काम करते हैं, जिसके लिए उन्हें अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलता। वैश्विक स्तर पर 16 घंटे या उससे ज्यादा अनपेड वर्क करने वाले कर्मचारियों का हिस्सा 12 प्रतिशत है, जबकि 6 से 15 घंटे वालों का हिस्सा 26 प्रतिशत है।

हालांकि, रिपोर्ट का एक अहम पहलू यह भी है कि ज्यादा घंटे बिना भुगतान काम करने का मतलब ज्यादा उत्पादकता नहीं है। ADP के मुताबिक, अनपेड वर्क के घंटे बढ़ने के साथ कर्मचारियों में तनाव और अपनी उत्पादकता को लेकर असंतुष्टि भी बढ़ती है। ऐसे कर्मचारी नौकरी छोड़ने के बारे में सोचने की संभावना भी ज्यादा रखते हैं। रिपोर्ट का संदेश साफ है—लंबे समय तक बिना भुगतान काम करवाना कर्मचारियों और कंपनियों, दोनों के लिए चुनौती बन सकता है।