भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यवसायी सहित आमजनों से की स्वदेशी वस्तु अपनाने की अपील
भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यवसायी सहित आमजनों से की स्वदेशी वस्तु अपनाने की अपील
घर-घर जाकर किया जनसंपर्क
गढ़वा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी के गढ़वा जिला कार्यसमिति और नगर मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शहर के पुरानी बाजार, माझिआंव मोड़, सोनपुरवा, रॉकी मुहल्ला, संघत मुहल्ला, मुख्य पथ स्थित बाजार की दुकानों और घर-घर जाकर स्वदेशी अपनाने से संबंधित स्टीकर चिपकाये। साथ ही लोगों से भारतीय अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर व मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की अपील की ।
भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से घरेलू उद्योग को बढ़ावा मिलता है । इससे देश की आर्थिक स्थिति बेहतर होती है । जब हम अपने देश और स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं को खरीदते हैं तो हमारे देश के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं । जो भारत की तकनीकी एवं आर्थिक क्षमता को आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा।
भाजपा नेता डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि भारत में निर्मित वस्तुओं के उपयोग से विदेशी सामानों के आयात पर होने वाले खर्चों में बचत होती है । उन्होंने व्यापारी सहित आमजनों से विदेशी सामान खरीदने और बेचने से परहेज करने की अपील की । साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की बात कही । उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति सामान खरीददारी करने से पहले मेड इन चाइना, मेड इन भारत अर्थात वह किस देश का निर्मित है इसे समझ लें । इसके बाद ही खरीददारी करें । ‘विदेशी वस्तुओं का त्याग करें स्वदेशी अपनाएं’ यह नारा नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत की आत्मा है । स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से ही भारत की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी । यह भावना देश के प्रति राष्ट्रवाद और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करती है । इससे विदेशी कंपनियों पर हमारी निर्भरता में कमी आएगी ।
मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप के अलावा कैलाश कश्यप, अंशु कांस्यकार, संतोष कुमार, मनीष गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

