बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल का दसवीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम, छात्रों ने लहराया सफलता का परचम

बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल का दसवीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम, छात्रों ने लहराया सफलता का परचम

सीबीएसई द्वारा घोषित दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम के साथ ही बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल, गढ़वा में हर्ष और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया। विद्यालय ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जो विद्यालय की गुणवत्ता, अनुशासन एवं समर्पित शिक्षण पद्धति का सशक्त प्रमाण है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में विद्यालय की छात्रा वनिशा सिंह एवं छात्र शिवम कुमार दुबे ने 93.6% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान अर्जित किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल अपने अभिभावकों को गौरवान्वित किया, बल्कि विद्यालय का नाम भी रोशन किया।

वनिशा सिंह ने इंग्लिश में 93, संस्कृत में 89, गणित में 94, विज्ञान में 97 तथा सामाजिक विज्ञान में 95 अंक प्राप्त कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं शिवम कुमार दुबे ने इंग्लिश में 93, हिंदी में 94, गणित में 92, विज्ञान में 91 तथा सामाजिक विज्ञान में 98 अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र उत्कर्ष चौबे ने 91.8% अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने इंग्लिश में 87, हिंदी में 97, गणित में 85, विज्ञान में 92 तथा सामाजिक विज्ञान में 97 अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

तृतीय स्थान पर सिद्धार्थ सारथि रहे, जिन्होंने 91.6% अंक अर्जित किए। उन्होंने इंग्लिश में 94, हिंदी में 97, गणित में 83, विज्ञान में 89 तथा सामाजिक विज्ञान में 95 अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इसके अतिरिक्त अन्य मेधावी विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इनमें उत्कर्ष सिंह (88%), इसिका शुक्ला (87.8%), ऋषभ राज तिवारी (87.4%), पिहू रानी (87.4%), कृतिका सिंह (87.2%), सोनल (85.2%), एमडी महरुब कुरेशी (85%), पीहू रानी (84%) एवं श्रेया रानी (83%) शामिल हैं। इन सभी छात्रों ने अपने अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम ऊँचा किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार मंडल ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं समर्पित शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा
“हमारे छात्रों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण एवं मूल्यपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने न केवल उत्कृष्ट अंक अर्जित किए, बल्कि अपने आचरण और उपलब्धियों से विद्यालय की गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। मैं सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।”
साथ ही उन्होंने विश्वास जताया है कि हमारे छात्र आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रमाण है, बल्कि विद्यालय के सशक्त शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन एवं समर्पित शिक्षकों की अथक मेहनत का भी प्रतिफल है।