बैडमिंटन सितारों ने लोहरदगा में लहराया गिरिडीह का परचम, जीते कई खिताब, जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों की सराहना की
बैडमिंटन सितारों ने लोहरदगा में लहराया गिरिडीह का परचम, जीते कई खिताब, जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों की सराहना की
गिरिडीह जिले के खिलाड़ियों ने लोहरदगा में 13 से 15 अक्टूबर 2025 तक आयोजित “Yonex Sunrise Mini Sub-Junior State Badminton Tournament 2025” में शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। गिरिडीह के डी. राजवीर ने अंडर-13 बॉयज़ सिंगल्स वर्ग में राज्य चैंपियनशिप का खिताब जीतकर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप (गया, बिहार) के लिए चयन सुनिश्चित किया। इसी प्रतियोगिता में डे-बोर्डिंग बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र, गिरिडीह के खिलाड़ी वैभव कृष्ण ने अंडर-13 बॉयज़ डबल्स वर्ग में रनर-अप स्थान प्राप्त किया, जबकि काश्वी कृष्णा ने अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर गिरिडीह का नाम गौरवान्वित किया। इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सम्मानित किया। मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि “गिरिडीह के नन्हें खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और लगन से जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।” उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देगा, ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान कायम कर सकें। जिला खेल पदाधिकारी ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और मुख्य प्रशिक्षक मुकेश कुमार के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से यह सफलता संभव हुई है।

