अवैध शराब के खिलाफ पलामू पुलिस का औचक अभियान, 11 होटल-ढाबों से 30 बोतलें जब्त
अवैध शराब के विरुद्ध पलामू पुलिस का विशेष एवं औचक छापामारी अभियान
पलामू पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी के निर्देशानुसार दिनांक 07.09.2026 की रात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होटल/ढाबों के विरुद्ध विशेष एवं औचक छापामारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से NH एवं प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित होटल/ढाबों की जांच की गई। इस दौरान अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री की रोकथाम हेतु सघन तलाशी एवं जांच की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
इसी क्रम में छत्तरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र के कुल 11 होटल/ढाबों में जांच की गई। जांच के दौरान कुछ स्थानों से अवैध शराब बरामद हुई, जिसके तहत कुल 30 शराब की बोतलें जब्त की गईं।
बरामदगी के संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग को पत्राचार किया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब के सेवन के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सार्वजनिक स्थानों पर नशे के कारण होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोकना तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया है कि होटल, ढाबा अथवा किसी अन्य स्थान पर अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार विशेष एवं औचक अभियान चलाकर कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।




