अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, डीसी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
गिरिडीह। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अनधिकृत परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, IAS प्रशिक्षु यश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाकर अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि खनन क्रियाएँ पूरी तरह नियमों के अनुरूप हों और सरकार को राजस्व की हानि न हो।
उपायुक्त ने खनन विभाग व पुलिस प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने को कहा। चेक पोस्टों और पिकेटों पर वाहनों की नियमित जांच करने, ओवरलोडिंग व बिना चालान खनिज परिवहन करने वाली गाड़ियों को तत्काल जब्त करने तथा रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि रात में होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खनन संबंधी गतिविधियों की लगातार निगरानी रखने और किसी भी अनियमितता की तत्काल रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने टास्क फोर्स के सदस्यों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। बैठक के अंत में उन्होंने पारदर्शिता व नियमों के पालन को प्रशासन की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठक करके कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

