अवैध बालू लदा दो ट्रैक्टर जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अवैध बालू लदा दो ट्रैक्टर जब्त
संवाददाता नीलांबर पीतांबरपुर
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के धावाडीह सेहरा में की गई, जहां अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में लगातार अवैध बालू का परिवहन हो रहा है।
सूचना के आधार पर लेस्लीगंज थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुबह करीब 8 बजे छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया, जिन पर अवैध रूप से बालू लदा हुआ था। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना लाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए ट्रैक्टरों में एक धावाडीह के पूर्व मुखिया लक्ष्मण यादव का बताया जा रहा है, जबकि दूसरा ट्रैक्टर सेहरा निवासी श्यामबिहारी साव का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

