अबुआ आवास योजना के तहत लाभुक को मिला पक्का मकान, गृह प्रवेश के साथ सौंपा गया बधाई प्रमाण-पत्र
अबुआ आवास योजना के तहत लाभुक को मिला पक्का मकान, गृह प्रवेश के साथ सौंपा गया बधाई प्रमाण-पत्र
केरेडारी(हजारीबाग)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में केरेडारी प्रखंड की हेवई पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत निर्मित आवास का निर्माण कार्य पूरा होने पर लाभुक के चेहरे पर खुशियां देखने को मिलीं।
नवनिर्मित पक्के मकान में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर लाभुक को बधाई-पत्र सौंपकर नए घर में सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। बधाई-पत्र में झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम-जनमन आवास योजना, अबुआ आवास योजना एवं बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास निर्माण पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई है।
इस योजना से जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर मिलने का सपना साकार हो रहा है। कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए पक्का आवास न केवल सुरक्षित आशियाना है, बल्कि उनके जीवन में सम्मान और खुशहाली का नया अध्याय भी है।
मौके पर पंचायत एवं आवास निर्माण से जुड़े प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभुक को बधाई दी गई। स्थानीय लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

