नीलांबर-पीतांबरपुर में 20 किसानों को मिला निःशुल्क सरसों बीज, बीडीओ ने किया वितरण
समय पर बीज उपलब्ध कराकर किसानों को राहत दे रही सरकार : बीडीओ जागो महतो
बीडीओ एवं प्रशिक्षु उपसमाहर्ता ने संयुक्त रूप से किया बीज वितरण, 20 किसानों को मिला निःशुल्क सरसों बीज
किसानों को कृषि कार्य के लिए प्रोत्साहित करने तथा बेहतर उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को कृषि तकनीकी सूचना केंद्र, नीलांबर-पीतांबरपुर में 20 किसानों के बीच निःशुल्क सरसों बीज का वितरण किया गया। बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो, प्रशिक्षु उपसमाहर्ता राहुल कुमार विश्वकर्मा एवं अनूप कुमार उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किसानों के बीच बीज वितरित कर किया।
इस अवसर पर बीडीओ जागो महतो ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे किसानों को खेती की तैयारी करने में काफी सहूलियत मिल रही है। उन्होंने कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से किसान निर्धारित कृषि मौसम में बुवाई कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खेतों की अच्छी तरह जुताई एवं तैयारी कर निर्धारित समय पर सरसों की बुवाई करें तथा कृषि विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसान सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को और अधिक लाभकारी बना सकते हैं। इस तरह की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि कार्य में सहयोग प्रदान करना तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि करना है।
मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी आलोक तिवारी, बीटीएम अनिल कुमार, भगवान शर्मा, आनंद सिंह, लीलावती देवी, तनवीर आलम सहित कृषि विभाग के अन्य कर्मी एवं लाभुक किसान उपस्थित थे।

