गिरिडीह में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन, करतबों ने मोहा मन

गिरिडीह। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आज सोमवार को गिरिडीह में भव्य नगर कीर्तन एवं शोभायात्रा निकाली गई। स्टेशन रोड स्थित प्रधान गुरुद्वारा से निकली इस शोभायात्रा में सिख समाज के लोगों के साथ गुरु नानक पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, मुख्य प्रकाश पर्व 24 नवंबर को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में हुआ। इस दौरान पंज प्यारे, निशान साहिब और विभिन्न कीर्तन जत्थों की सहभागिता ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां, गुरुवाणी और भजन-कीर्तन से पूरा शहर आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के संदेशों का स्मरण करते हुए नगर कीर्तन में शामिल हुए। नगर कीर्तन के दौरान यूपी से आए कलाकारों द्वारा कई हैरतअंगेज करतब दिखाए गए।
प्रधान गुरुद्वारा से प्रारंभ हुई शोभायात्रा गांधी चौक, बड़ा चौक, मुस्लिम बाजार, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक एवं मकतपुर चौक पहुंचेगी। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा का समापन पुनः प्रधान गुरुद्वारा में किया जाएगा। नगर कीर्तन के स्वागत में शहर के विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों एवं सिख समाज के लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल के स्टॉल लगाए गए थे।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह सलूजा, डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया, अमरजीत सिंह सलूजा, चरणजीत सिंह, जोरावर सिंह सलूजा, हरमिंदर सिंह बग्गा, जगजीत सिंह बग्गा, ऋषि सलूजा, कुंवरजीत सिंह, पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के महिला-पुरुष एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।