पलामू में 20 से 24 नवंबर तक भव्य गौकथा, कथा शिरोमणि गोपाल मणि महाराज के आगमन से श्रद्धालुओं में उत्साह

पलामू की पावन धरती पर गौसेवा, गौ-संरक्षण और सनातन संस्कृति का संदेश लेकर पहुंचे हैं गौक्रांति के अग्रदूत, कथा शिरोमणि एवं परम गौसेवक पूज्य श्री गोपाल मणि महाराज जी। उनके आगमन से पलामू के श्रद्धालुओं और गौभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आपको बता दें कि इस बार मेदिनीनगर स्थित श्री गौशाला पलामू में पूज्य श्री गोपाल मणि महाराज जी के सानिध्य में भव्य गौकथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 20 तारीख से 24 तारीख तक चलेगा, जिसमें महाराज जी अपनी कथा और प्रवचनों के माध्यम से गौमाता की महिमा, भारतीय संस्कृति में गौमाता का महत्व तथा गौसेवा के प्रति समाज को जागरूक करेंगे।
इस आयोजन को लेकर श्री गौशाला पलामू के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह डिंपल ने बताया कि पलामू की धरती पर पूज्य महाराज जी का आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। इस कथा का मुख्य उद्देश्य लोगों को गौमाता के महत्व से अवगत कराना और गौसेवा एवं गौ-संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने मेदिनीनगर सहित पूरे पलामू जिले के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और गौभक्तों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस पावन गौकथा में शामिल होकर महाराज जी के विचारों और प्रवचनों का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि गौमाता के सम्मान और संरक्षण का संदेश हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। गौसेवा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
अब देखना यह है कि पलामू की धरती से गौसेवा और गौ-संरक्षण का यह संदेश कितने व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचता है।