गिरिडीह के डॉ. अल्तमश जाकिर ने FMGE परीक्षा में पाई सफलता, छोटे भाई का भी कैंपस प्लेसमेंट में चयन

गिरिडीह। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर गिरिडीह के युवा डॉ. मो. अल्तमश ज़ाकिर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों के लिए भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने की अनिवार्य परीक्षा FMGE (Foreign Medical Graduate Examination) में उन्होंने सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गिरिडीह जिले का नाम रोशन किया है।
डॉ. मो. अल्तमश जाकिर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गिरिडीह के Carmel Convent School से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना संजोए अल्तमश ने मेडिकल की पढ़ाई के लिए रूस का रुख किया, जहां उन्होंने Crimea Federal University से छह वर्षीय MBBS (MD) की डिग्री हासिल की।
मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर भारत लौटने के बाद उनके सामने FMGE परीक्षा पास करने की चुनौती थी। विदेश से मेडिकल डिग्री प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों के लिए यह परीक्षा भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के पंजीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। डॉ. अल्तमश ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर तैयारी के दम पर इस कठिन परीक्षा को उत्तीर्ण कर लिया।
उनकी इस सफलता में माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके पिता मो. जाकिर हुसैन गिरिडीह रेलवे स्टेशन में स्टेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता डॉ. तबस्सुम जहान हाई स्कूल शिक्षिका हैं। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
डॉ. अल्तमश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों, परिवार के सदस्यों, रेलवे विभाग के सभी कर्मचारियों, मित्रों और शुभचिंतकों को दिया है। उन्होंने कहा कि इन सभी का सहयोग और प्रोत्साहन उनकी इस यात्रा में बेहद महत्वपूर्ण रहा।
जाकिर परिवार के लिए खुशी इस वजह से भी दोगुनी हो गई है कि डॉ. अल्तमश के छोटे भाई मोहम्मद तंजील हुसैन ने भी शानदार उपलब्धि हासिल की है। तंजील कोलकाता के Institute of Engineering & Management (IEM) से B.Tech की पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से उनका चयन हो गया।
एक ओर बड़े बेटे ने मेडिकल के क्षेत्र में सफलता का परचम लहराया, तो दूसरी ओर छोटे बेटे ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित की है। दोनों भाइयों की उपलब्धियों से परिवार के साथ-साथ परिचितों और शुभचिंतकों में भी उत्साह है।
डॉ. अल्तमश की इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों, रिश्तेदारों और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन गिरिडीह के दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

You may have missed