गिरिडीह में छठ की तैयारियां तेज, बाजारों में सजे बांस के सूप-डाला, खरीदारी के लिए उमड़ने लगे लोग

गिरिडीह। आस्था के सबसे बड़े पर्व छठ महापर्व की तैयारियों ने अब जोर पकड़ लिया है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। टावर चौक, मकतपुर, बड़ा चौक, हुट्टी बाजार और आसपास के इलाकों में इन दिनों बांस से बने सूप, डाला और पूजा सामग्री की बिक्री शुरू हो चुकी है। सूप की कीमत 50 से 150 रुपये वहीं छोटी डलिया 40 से लेकर बड़ी डलिया 300 तक की कीमत में बिक रही है। ग्रामीण इलाकों से आए कारीगरों ने अपने-अपने अस्थायी दुकानें सजा ली हैं, जहां तरह-तरह की आकर्षक बांस निर्मित सामग्री देखी जा सकती है।
दूर-दराज गांवों से आये बांस कलाकार बांस से बने सूप और डाला लेकर गिरिडीह के विभिन्न इलाकों के बाजार में पहुंचे हैं। छठ पूजा के दौरान सूर्योपासना में अर्घ्य देने के समय सूप का विशेष महत्व होता है, इसलिए इन दिनों इनकी मांग तेजी से बढ़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि अभी खरीदारी सीमित है, अभी दूर दराज से आये खरीददार ही बाजार में पहुँचे है, पर अगले कुछ दिनों में बाजार में भीड़ खूब बढ़ेगी। दुकानदारों का मानना है कि घरों में पूजा की तैयारी जैसे-जैसे बढ़ेगी, वैसे-वैसे सूप, डाल और अन्य पूजा सामग्री की बिक्री में भी उछाल आएगा।
कारीगरों के मुताबिक, हर वर्ष की तरह इस बार भी बांस की वस्तुओं की अच्छी मांग देखने को मिल रही है। सूप, टोकरी (कड़हुल), दउरा, डाला और पंखा जैसी सामग्रियों की बढ़ती डिमांड को देखते हुए कारीगर परिवार मिलकर जोर-शोर से निर्माण कार्य में लगे हैं। कई कारीगर तो पिछले महीने से ही बांस काटकर और सुखाकर सामग्री तैयार करने में जुटे थे।
बांस के पारंपरिक शिल्प से जुड़ी यह मेहनत न केवल छठ व्रतियों के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराती है, बल्कि ग्रामीण कारीगरों को रोज़गार और आय का अवसर भी देती है। इस बार उम्मीद की जा रही है कि छठ पर्व के दौरान गिरिडीह के बाजारों में स्थानीय उत्पादों की बिक्री से कारीगरों को काफी फायदा होगा।
छठ की तैयारियों से पूरा गिरिडीह श्रद्धा और परंपरा के रंगों में डूबता जा रहा है। घाटों की सफाई से लेकर बाजारों की सजावट तक, हर तरफ उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। कारीगरों का कहना है कि छठ पूजा केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि आस्था, मेहनत और परंपरा का संगम है, जो समाज को एक खूबसूरत संदेश देता है, हमारी संस्कृति में श्रम, श्रद्धा और सादगी का महत्व अटूट है।

You may have missed