पांकी के स्कूल में साइकिल और टीसी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग
पांकी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तीतलंगी में प्रधानाध्यापक की मनमानी: साइकिल और टीसी के नाम पर अवैध वसूली का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग
पांकी (पलामू): पांकी प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, तीतलंगी के प्रभारी प्रधानाध्यापक एजाहद हुसैन पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और स्कूली बच्चों से अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), पलामू को लिखित आवेदन सौंपा है और प्रधानाध्यापक पर तत्काल कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
साइकिल और टीसी के नाम पर अवैध उगाही
ग्रामीणों और विद्यालय परिवार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा गरीब बच्चों और उनके अभिभावकों का लगातार शोषण किया जा रहा है। आरोप है कि सरकार की ओर से मिलने वाली साइकिलों के वितरण के एवज में प्रति बच्चे ₹100 वसूले गए हैं। इसके अलावा, विद्यालय से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) देने और नया नाम दर्ज करने के नाम पर भी ₹200 तक की अवैध वसूली का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है,
एमडीएम में गड़बड़ी और वर्षों से बदहाल शौचालय
विद्यालय में मध्याह्न भोजन (MDM) की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भोजन वितरण में अनियमितता के चलते अक्सर बच्चों का भोजन घट जाता है। वहीं, दूसरी ओर विद्यालय विकास के नाम पर आने वाली सरकारी राशि का पिछले कई सालों से खर्च नहीं करने के आरोप है। स्कूल में वर्षों से शौचालय क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ है, जिससे नामांकित 250 से अधिक बच्चों, विशेषकर किशोरियों और बच्चियों को दैनिक रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने की शिक्षक को हटाने की मांग
लगभग 250 से अधिक बच्चों की संख्या वाले इस विद्यालय में कुल 6 शिक्षक पदस्थापित हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने जिला शिक्षा अधीक्षक से मांग की है कि वर्तमान प्रभारी शिक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय जांच की जाए। साथ ही, उन्हें वहाँ से हटाते हुए पूर्व में प्रतिनियुक्त शिक्षक रवि कुमार चंदन को पुनः इसी विद्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया जाए, ताकि विद्यालय की शैक्षणिक और व्यवस्थागत माहौल को सुधारा जा सके।
इस संबंध में विद्यालय के शिक्षक सत्येंद्र प्रसाद यादव के द्वारा भी प्रधानाध्यापक पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं उन्होंने बताया कि कई बच्चियों को साइकिल भी नहीं दिया गया था लेकिन उनकी पहल से महीने दिन बाद उन्हें साइकिल दिया गया।
वही इस संबंध में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक एजाहद हुसैन ने बताया कि शिक्षक एवं स्कूली बच्चों के द्वारा उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।

