मुसहर टोला के बच्चों संग संत मरियम के विद्यार्थियों ने मनाई दीपावली, बांटी खुशियां और शिक्षा सामग्री

मुसहर टोला के बच्चों संग दीपावली मनाकर विद्यार्थियों को दिया सामाजिक संवेदना का संदेश

संत मरियम आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने महादेव माड़ा मुसहर टोला में बांटी मिठाइयां, पटाखे, कॉपी और कलम

मेदिनीनगर । दीपावली के अवसर पर संत मरियम आवासीय विद्यालय के चेयरमैन एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता अविनाश देव ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ सदर प्रखंड के नगर निगम सीमावर्ती क्षेत्र स्थित महादेव माड़ा मुसहर टोला में दीपावली मनाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने मुसहर समाज के बच्चों के बीच मिठाइयां, पटाखे, कॉपी और कलम वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा कीं।

इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के बीच त्योहार की खुशियां बांटने के साथ विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना था। मुसहर टोला पहुंचने पर विद्यार्थियों ने वहां के परिवारों की जीवनशैली और समस्याओं को करीब से देखा। बुनियादी सुविधाओं का अभाव, असुरक्षित आवास, आर्थिक तंगी और शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों को देखकर विद्यार्थी भावुक हुए। उन्होंने वहां के बच्चों से बातचीत कर उनकी परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया।

अविनाश देव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा आदमी बनने से ज्यादा जरूरी अच्छा इंसान बनना है। बड़ी डिग्री, धन-संपत्ति और सुख-सुविधाओं का कोई महत्व नहीं, यदि व्यक्ति के भीतर इंसानियत, करुणा और संवेदनशीलता नहीं है। शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना और धन अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का दर्द समझना भी है।

उन्होंने कहा कि जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर जीवन से नहीं जुड़ता, तब तक विकास की यात्रा अधूरी है। दीपावली की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब त्योहार की खुशियां समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचें। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदना और सेवा भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
मौके पर सोशल एक्टिविस्ट राजीव सिंह, शोभा प्रजापति, अविनाश सिंह, दीपिका जी, ललन प्रजापति जी की विशेष उपस्थिति रही।

You may have missed