गिरिडीह: मर्सी हॉस्पिटल में मरीज की हालत बिगड़ने पर हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

गिरिडीह। शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित मर्सी हॉस्पिटल में इलाजरत 46 वर्षीय महिला मरीज मंजू देवी की हालत गंभीर होने के बाद मंगलवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस, एसडीओ धीरेंद्र कुमार और सीओ जितेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह निवासी इंद्रदेव रजक की पत्नी मंजू देवी को चार दिन पहले पथरी के ऑपरेशन के लिए मर्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि शुरुआती ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में रेफर करने की मांग की थी। आरोप है कि रेफर करने के बजाय डॉक्टरों ने उनका दोबारा ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद उनकी स्थिति और गंभीर हो गई।
वहीं, मामले में संबंधित चिकित्सक डॉ. अंजू अनिल ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पथरी के ऑपरेशन के बाद मरीज को दूसरी बीमारी हो गई थी, जिसके कारण उनकी आंत फट गई थी। इसी वजह से दूसरा ऑपरेशन करना जरूरी हो गया। डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल मरीज वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजन इलाज में लापरवाही की जांच और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।