गिरिडीह में विकास कार्यों का मेयर-डिप्टी मेयर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी
गिरिडीह। शहर में विकास कार्यों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मेयर प्रमिला मेहरा और उप मेयर सुमित कुमार ने बांग्ला स्कूल मकतपुर से अरगाघाट रोड जाने वाले रास्ते पर निर्माणाधीन पीसीसी सड़क, बीबीसी रोड में नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेयर और उप मेयर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनता की सुविधा और सरकारी राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
वहीं उप मेयर सुमित कुमार ने भी गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि शहरवासियों को बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि गिरिडीह वासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

