दिवाली-छठ पर घर लौटना हुआ मुश्किल, ट्रेनों में लंबी वेटिंग तो हवाई किराया आसमान पर

दिवाली और छठ के त्योहार पर झारखंड लौटने की तैयारी कर रहे नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की परेशानियां बढ़ गई हैं। महानगरों से रांची आने और रांची से बिहार-उत्तर प्रदेश जाने वाली कई नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि कुछ ट्रेनों में सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं।
ट्रेन में टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को अब फ्लाइट और बस का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन यहां भी यात्रियों की जेब पर महंगाई की मार पड़ रही है। 4 से 14 नवंबर के बीच रांची आने वाली उड़ानों का किराया काफी बढ़ गया है। भुवनेश्वर से रांची का हवाई किराया 23 हजार रुपये, पुणे से 20 हजार रुपये और दिल्ली से रांची का किराया 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है।
ऐसे में त्योहारों पर अपने घर लौटने की योजना बना रहे लोगों के सामने सफर करना बड़ी चुनौती बन गया है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की कमी और हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी ने यात्रियों का बजट बिगाड़ दिया है।