अर्णव तूफान की बारिश से आदर्श नगर-छठ घाट सड़क ध्वस्त, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
भारी बारिश और अर्णव तूफान से आदर्श नगर-छठ घाट जाने वाली मुख्य सड़क फिर हुई बाधित, ग्रामीण परेशान
सड़क पर आवागमन प्रभावित, कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने को मजबूर ग्रामीण, जनप्रतिनिधियों से लगाई सड़क मरम्मत की गुहार।
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।
लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत आदर्श नगर होते हुए छठ घाट जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति एक बार फिर बदहाल हो गई है। बीते 14 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण यह मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू ने अपने निजी खर्च से सड़क पर मोरम डलवाकर आवागमन बहाल कराने का प्रयास किया था। लेकिन 27 अक्टूबर को हुई भारी बारिश और अर्णव तूफान के प्रभाव से एक बार फिर सड़क की स्थिति बिगड़ गई है।
लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बन गई है। मार्ग बाधित होने से स्थानीय ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाई हो रही है। वहीं, ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि 14 अगस्त को सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू ने निजी खर्च से मोरम डलवाकर रास्ते को चलने लायक बनाने का प्रयास किया था। लेकिन लगातार बारिश के कारण सड़क फिर से खराब हो गई है। ऐसे में अस्थायी मरम्मत से ग्रामीणों को स्थायी राहत नहीं मिल पा रही है।
सबसे बड़ी परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से अपने जरूरी काम, व्यवसाय और दैनिक आवश्यकताओं के लिए आना-जाना पड़ता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
अब एक बार फिर स्थानीय ग्रामीणों ने अपने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस समस्या पर संज्ञान लेने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए और भविष्य में बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान किया जाए।

