मेराल मुड़ल टोला में छठ पूजा की तैयारी तेज, आकर्षक सजेगा छठ घाट

मेराल मुड़ल टोला में छठ पूजा की तैयारी तेज, आकर्षक सजेगा छठ घाट

सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन, छठव्रतियों की सुविधा के लिए बांस की पुलिया बनाने का निर्णय

मेराल से विवेकानंद चौबे की रिपोर्ट।

मेराल। आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मेराल के मुड़ल टोला में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वार्ड सदस्य विनोद चौधरी ने की। बैठक में छठ पूजा को भव्य एवं आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

वार्ड सदस्य विनोद चौधरी ने बताया कि इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। साथ ही छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा, ताकि छठव्रतियों को भक्तिमय वातावरण में पूजा-अर्चना करने का अवसर मिल सके। आयोजन समिति की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

छठ घाट पर सैकड़ों छठव्रतियों और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उनके ठहरने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए नदी के दोनों किनारों पर जेसीबी से मिट्टी भराई कर बीच में बांस की पुलिया बनाने का निर्णय लिया गया। इससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम तरीके से छठ घाट तक पहुंच सकेंगे और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।

समिति के सदस्यों ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। बैठक में आयोजन समिति का गठन भी किया गया। इसमें वीरेंद्र चौधरी को अध्यक्ष, शुकुल चौधरी को सचिव, विजय चौधरी को कोषाध्यक्ष, सरयू चौधरी को उपाध्यक्ष, अशोक चौधरी को उपसचिव तथा प्रमोद चौधरी को उपकोषाध्यक्ष बनाया गया।

बैठक में कामेश्वर चौधरी, सत्येंद्र चौधरी, रमेश चौधरी, कमलेश कुमार चौधरी, विजय चौधरी, बैजनाथ चौधरी, राजेश चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सुरेश चौधरी, श्यामलाल चौधरी, बाबूलाल चौधरी एवं महेंद्र चौधरी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

You may have missed