गिरिडीह में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज, कल्पना सोरेन ने किया उद्घाटन
गिरिडीह। इंडोर स्टेडियम में गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा, डीडीसी स्मृता कुमारी, एसडीएम धीरेंद्र कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला तथा सलूजा गोल्ड के बंटी सिंह सलूजा उपस्थित रहे। गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र चौधरी एवं सुनील मोदी, सचिव नागेंद्र कुमार, रोहित श्रीवास्तव, नितेश और विक्रम लाहेरी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कल्पना सोरेन ने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने खेल के माध्यम से जिले एवं राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी सिंगल्स, डबल्स तथा मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन के लिए 12 अंपायरों की टीम तैनात की गई है।
उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हो गए, जिनमें युवा खिलाड़ियों का जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली। आयोजक गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन का मानना है कि यह प्रतियोगिता राज्य के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी और जिले में खेल को नई गति देगी।

