चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, रांची में 12वीं तक के स्कूल दो दिन बंद
झारखंड में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार दोपहर बाद 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम के खतरे को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में KG से 12वीं तक की कक्षाएं 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगी। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाओं पर फैसला स्कूल प्रबंधन करेगा।
वहीं, रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग समेत 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि धनबाद, देवघर, गिरिडीह समेत नौ जिलों में येलो अलर्ट है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है।

