गिरिडीह में बिना लाइसेंस पटाखा बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, एसडीएम ने दी सख्त चेतावनी
गिरिडीह। त्योहारों के मौसम में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाया है। सदर एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा है कि अनाधिकृत तरीके से पटाखे की बिक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दुकानदारों को आवश्यक लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है।
एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने कहा कि पटाखे जैसी अत्यंत ज्वलनशील वस्तुओं की बिक्री में लाइसेंस, भंडारण नियम और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वाली दुकानों को बंद कराया जा सकता है और दोषी दुकानदारों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों में ही पटाखों की बिक्री की जाएगी, आदेश का उल्लंघन करने वाले पर सख्त कार्रवाई की बात कही।
प्रशासन का कहना है कि पटाखों की अवैध बिक्री के दौरान कोई बड़ा हादसा होने की संभावना अधिक होती है और जान-माल के नुकसान का खतरा बढ़ता है। इसलिए ग्राहकों से भी अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदें।
उन्होंने कहा है कि त्योहारों के दौरान पटाखा दुकानों की नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कोई छूट नहीं दी जाएगी।

