पलामू में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर बवाल, सीमेंट की परतें उखड़ने पर ग्रामीणों ने रुकवाया काम

राखी खुर्द (पिपरकला) में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों ने काम रुकवाया

सीमेंट की परतें उखड़ने का आरोप, संवेदक को घेरा; जेई से स्थलीय जांच की मांग

संवाद सूत्र, सतबरवा (पलामू)।
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से राँकी खुर्द में चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। निर्माण में अनियमितता की आशंका जताते हुए उन्होंने काम तुरंत बंद करा दिया और विभागीय अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर जांच कराने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, राँकी खुर्द में करीब 360 फीट सड़क का सुदृढ़ीकरण होना है। मंगलवार को लगभग 100 फीट सड़क की ढलाई की गई थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने सड़क की सतह पर सीमेंट की परतें दिखाई देने और हाथ से छूने पर निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह जताया। इसके बाद उन्होंने निर्माण कार्य रोक दिया। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि जब तक कनीय अभियंता संजय कुमार स्थल पर पहुंचकर जांच नहीं कर लेते, तब तक आगे कोई काम नहीं होने दिया जाएगा।

शिकायत मिलने पर संवेदक रमेश तिवारी मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद दर्जनों ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहा-सुनी हुई। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने और संतोषजनक कार्रवाई के बाद ही काम शुरू करने की मांग दोहराई।

इस संबंध में सड़क निर्माण विभाग के कनीय अभियंता संजय कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों के माध्यम से शिकायत मिली है। स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की जाएगी।

मौके पर सुदेश्वर मांझी, भोला मेहता, संजय मेहता, बिजेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, सूरत मेहता, दशरथ मिस्त्री, रोहित कुमार, बिजेंद्र मेहता, अनुज कुमार, उमेश मेहता, नरेंद्र मेहता, गोविंद मेहता, सज्जू मेहता, अखिलेश माझी, पिंटू माझी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद थीं।