कांडी के राजा घटहुआ जंगल में हंगामा, चोरी की आशंका पर पुलिस ने शुरू की जांच; केस दर्ज

राजा घटहुआ गांव के पास जंगल में भेड़-बकरियों को लेकर जुटे ग्रामीणों के बीच पहुंची कांडी पुलिस।

राजा घटहुआ के जंगल में भेड़-बकरियों को लेकर हंगामा

चोरी की चार बकरियां और 16 भेड़ों की सूचना पर पहुंची पुलिस, कांड संख्या 118/26 दर्ज

कांडी (गढ़वा)। कांडी थाना क्षेत्र के राजा घटहुआ गांव के समीप जंगल में तिरपाल लगाकर रह रहे कुछ गुलगुलिया परिवारों को लेकर उस समय ग्रामीणों के बीच हलचल मच गई, जब वहां कथित रूप से चोरी की चार बकरियां और 16 भेड़ें रखे होने की सूचना मिली। ग्रामीणों से सूचना प्राप्त होने के बाद कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित लोगों को सुरक्षित थाना लाया।
मिली जानकारी के अनुसार, जंगल में तिरपाल लगाकर रह रहे कुछ लोगों के पास चोरी की भेड़-बकरियां होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामदगी से संबंधित भेड़-बकरियां चोरी की हैं या नहीं तथा इस मामले में कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कांड संख्या 118/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।