करवा चौथ 29 अक्टूबर को, शाम 5:38 से 6:56 बजे तक पूजा का शुभ मुहूर्त; रात 8:17 बजे होगा चंद्रोदय
करवा चौथ का व्रत सुहागिनों का प्रमुख त्यौहार माना जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला उपवास रखती हैं। करवा चौथ व्रत का पारण चंद्रोदय के बाद चांद को देखने के बाद ही किया जाता है। हर साल कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत रखा जाता है। इस साल यह पावन दिन 29 अक्टूबर 2026 को पड़ रहा है। इसी दिन सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का व्रत रखेंगी। करवा चौथ के दिन करवा माता, भगवान शिव, मां पार्वती और कार्तिकेय के साथ-साथ भगवान गणेश की पूजा की जाती है।
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि का आरंभ 29 अक्टूबर को मध्यरात्रि 1 बजे से होगा। चतुर्थी तिथि का समापन 29 अक्टूबर को रात 10 बजकर 9 मिनट पर होगा। करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 38 मिनट से शाम 6 बजकर 56 मिनट तक रहेगा। वहीं करवा चौथ व्रत का समय सुबह 6 बजकर 31 मिनट से रात 8 बजकर 17 मिनट तक रहेगा।
करवा चौथ के दिन चांद निकलने का समय रात 8 बजकर 17 मिनट रहेगा। हालांकि शहर के अनुसार चंद्रोदय का समय अलग-अलग हो सकता है।

