बीमार कार्यकर्ता की मदद को आगे आए विधायक रामचंद्र सिंह, निजी वाहन से इलाज के लिए रांची ले गए
बीमार कार्यकर्ता के लिए आगे आए विधायक रामचंद्र सिंह, निजी वाहन से इलाज के लिए रांची ले गए
सरईडीह निवासी कमलेश प्रजापति की बिगड़ती तबीयत पर लिया संज्ञान, विधायक की मानवीय पहल की क्षेत्र में हो रही सराहना
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।
बरवाडीह (लातेहार)। मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और अपने लोगों के प्रति जिम्मेदारी का परिचय दिया है। सरईडीह निवासी बीमार कार्यकर्ता कमलेश प्रजापति की तबीयत बिगड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने पर विधायक ने तत्काल संज्ञान लिया। बुधवार को वे कमलेश प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए अपने निजी वाहन से रांची ले गए।
जानकारी के अनुसार, कमलेश प्रजापति पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए बेहतर चिकित्सा की आवश्यकता थी। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण इलाज को लेकर भी परेशानी थी। ऐसे में विधायक रामचंद्र सिंह ने आगे बढ़कर मदद की और उन्हें रांची पहुंचाने की पहल की। वहां एक निजी अस्पताल में उनके इलाज की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
मुश्किल घड़ी में बने सहारा
विधायक रामचंद्र सिंह की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़े रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अपने कार्यकर्ता की परेशानी को समझते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए स्वयं अपने निजी वाहन से रांची ले जाना उनकी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को दर्शाता है।
क्षेत्र में हो रही सराहना
विधायक के इस मानवीय कदम की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पूर्व मुखिया अरुण सिंह, समाजसेवी उमेश प्रसाद सहित अन्य लोगों ने उनकी पहल की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक रामचंद्र सिंह सुख-दुख की घड़ी में लोगों के साथ खड़े रहने का प्रयास करते हैं। वे जाति, धर्म, वर्ग और अमीरी-गरीबी से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलने की भावना रखते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी जनप्रतिनिधि की पहचान केवल उसके पद और विकास कार्यों से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की परेशानी में मदद के लिए आगे आने से भी होती है।

