दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई। CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका को सुबह दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों अपने समर्थकों के साथ गेट और बैरिकेड्स पार कर जंतर-मंतर पहुंचे थे। परिसर में प्रवेश करने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

इससे पहले शनिवार को भी CJP के तीन नेताओं को हिरासत में लिया गया था। रविवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी और 50 हजार रुपये का बॉन्ड भरने के बाद उन्हें रिहा किया गया था। CJP मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।

इधर, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थलों को लेकर नया आदेश जारी किया है। इसके तहत रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से नियमों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।