गांडेय के देवनडीह आयुष्मान आरोग्य मंदिर का NQAS के तहत केंद्रीय टीम ने किया मूल्यांकन

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर देवनडीह में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत भौतिक बाह्य मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान केंद्रीय मूल्यांकन दल ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण किया।
मूल्यांकन कार्य केंद्रीय दल के डॉ. आशुतोष मिश्रा एवं डॉ. प्रियंका कोटेवा द्वारा किया गया। टीम ने केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, दवाओं के रखरखाव, आवश्यक संसाधनों तथा स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों की बारीकी से जांच की। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अबू काशिफ हसन एवं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मोहन प्रसाद उपस्थित रहे। इनके अलावा स्थानीय कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) मोहम्मद आजाद, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता बुलबुल सिंह, एएनएम ज्योत्सना मरांडी एवं रीना कुमारी सहित सहिया साथी चुनरिका देवी और क्षेत्र की सहिया दीदियां मौजूद रहीं।
मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अपने कार्यों की जानकारी टीम के समक्ष प्रस्तुत की। इस प्रक्रिया का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का आकलन कर सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है।