पाटन के नावा जयपुर थाना में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, गाइडलाइन का पालन करने की अपील

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक, गाइडलाइन से कराया गया अवगत

पाटन (पलामू): आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को नावा जयपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पाटन अंचलाधिकारी आशीष कुमार ने की।

बैठक के दौरान दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे के साथ त्योहार संपन्न कराने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी पूजा समितियों को दी गई। साथ ही, सभी पूजा समितियों से निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए पूजा का आयोजन करने की अपील की गई।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। प्रशासन ने भी त्योहार के दौरान आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।

इस मौके पर नावा जयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता, पु०अ०नि० मुन्ना यादव, स०अ०नि० चंद्रशेखर दुबे, स०अ०नि० अभय राज प्रसाद, स०अ०नि० अशोक राम, स०अ०नि० रामजी दास, जगदीश पांडे, जिला परिषद प्रत्याशी मनोज साव, मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।