गढ़वा में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर मांगा इस्तीफा

गढ़वा में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर मांगा इस्तीफा

गढ़वा। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला अध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी के नेतृत्व में काला दिवस मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गढ़वा टाउन हॉल मैदान से रंका मोड़ स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया।

मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली टी-शर्ट पहनकर और काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। रंका मोड़ पहुंचने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और जनता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों पर हो रहे कथित हमलों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी।

इस विरोध-प्रदर्शन में जिला प्रभारी सुरजीत नागवाला, श्रीकांत तिवारी, प्रभात दूबे उर्फ बड़ू दुबे, अलख निरंजन चौबे, सतेंद्र पांडेय, रामकरेश चौबे, सुधीर चंद्रवंशी, नसीम अंसारी, सुनील कालिया, त्रिपुरारी सिंह, सतीश ठाकुर, बृजेन्द्र चौधरी, आनंद यादव, रोहित कुमार, जयराम चंद्रवंशी, मंसूर अंसारी, रणजीत गौतम, अजय केशरी, केयाम अंसारी और दिवाकर चौबे सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।