गढ़वा गायत्री शक्तिपीठ में 24 हजार गायत्री अनुष्ठान, संगीतमय रामकथा और भव्य दीपयज्ञ का आयोजन
गायत्री शक्तिपीठ में नवरात्रि पर गायत्री अनुष्ठान का होगा सामूहिक आयोजन
शाम में संगीतमय रामकथा से बनेगा भक्तिमय वातावरण
गढ़वा : गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नौ दिवसीय 24 हजार गायत्री अनुष्ठान का आयोजन किया गया है. इसके लिये रविवार को आश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि के दिन सामूहिक रूप से कलश स्थापना कर सामूहिक संकल्प कराया जायेगा. अनुष्ठान की पुर्णाहूति 20 अक्टूबर नवमी तिथि को हवन यज्ञ एवं कन्या पूजन के साथ किया जायेगा. साथ ही नवरात्रि के दौरान हर वर्ष की तरह मंदिर परिसर में ओम समिति द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा रखकर नौ दिनों तक मां दुर्गा की अराधना-पूजन किया जायेगा. दुर्गा पूजा को लेकर ओम समिति द्वारा 11 अक्टूबर को गायत्री मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली जायेगी. तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की जायेगी. इसकी जानकारी देते हुये ओम समिति के अध्यक्ष चंद्रमणि कुमार और सचिव संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन शाम सात बजे से रात्रि 10 बजे तक संगीतमय रामकथा का आयोजन किया गया है. इसकेक पूर्व शारदीय नवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है. अष्टमी तिथि के दिन 19 अक्टूबर को रात आठ बजे भव्य दीपयज्ञ संपन्न होगा, जिसमें अधिक से अधिक महिला-पुरूष श्रद्धालु शामिल होकर नवयुग के लिये सामूहिक रूप् से संकल्प लेंगे. उन्होंने बताया कि नवरात्रि के पूर्णाहूति के दिन शाम में महाभंडारा का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर शुक्रवार को ओम समिति के सदस्यों की बैठक कर तैयारी की समीक्षा की गयी. बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष संत कुमार, संरक्षक रोहित शर्मा सहित सदस्य अजीत कुमार वर्मा, राममिलन विश्वकर्मा, शुभम चंद्रवंशी, उत्तम विश्वकर्मा, निखिल चंद्रवंशी, गौतम विश्वकर्मा, रिंकू चंद्रवंशी, पप्पू चंद्रवंशी, मनीष ठाकुर, हरिओम चंद्रवंशी, अनुराग कुशवाहा, पंकज ठाकुर आदि शामिल थे.

