गोल्ड जीतकर रांची लौटीं झारखंड की 4 हॉकी चैंपियन बेटियां, एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत

जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम के ऐतिहासिक स्वर्ण जीत के बाद रविवार को झारखंड की चार चैंपियन खिलाड़ियों के रांची पहुंचते ही बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जश्न में बदल गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, हॉकी खिलाड़ियों के जयघोष और फूल-मालाओं के बीच सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग का जोरदार स्वागत किया गया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की चारों खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। टीम की कप्तानी सलीमा टेटे ने संभाली, जबकि ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और युवा खिलाड़ी दीपिका सोरेंग भी स्वर्ण विजेता टीम का हिस्सा रहीं।
जापान से बेंगलुरु होते हुए चारों खिलाड़ी रविवार को रांची पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए हॉकी झारखंड के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, खेलप्रेमी और परिजन पहले से एयरपोर्ट पर मौजूद थे। खिलाड़ियों के बाहर निकलते ही ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न शुरू हो गया। खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने हॉकी स्टिक उठाकर चैंपियन बेटियों का अभिनंदन किया। फूल-मालाओं और बुके देकर उन्हें सम्मानित किया गया।