नगर उंटारी में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की बैठक, दिए सख्त निर्देश

नगर उंटारी थाना में आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को मेरे द्वारा स्थानीय सोनार एवं ज्वेलरी व्यवसायियों के साथ अपराध नियंत्रण तथा दुकानों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में व्यवसायियों को अपनी दुकानों में मजबूत शटर, आंतरिक लॉकिंग, पर्याप्त लाइटिंग, सायरन अथवा साइलेंट अलार्म और कम से कम 30 से 45 दिनों के बैकअप वाले एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी कर्मचारी को काम पर न रखा जाए। व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता बरतते हुए भारी खरीद-बिक्री पर ग्राहकों के वैध पहचान पत्र सुरक्षित रखने, अनिवार्य रूप से बिल जारी करने तथा किसी भी संदिग्ध या बिना कागजात वाले आभूषण की खरीद-फरोख्त से पूरी तरह बचने की सख्त हिदायत दी गई।
दुकान के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या रेकी की गोपनीय सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। आपसी तालमेल को बेहतर बनाने के लिए पुलिस-व्यापारी व्हाट्सएप ग्रुप के गठन तथा पुलिस द्वारा पैदल, वाहन व रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही गई। अंत में सभी व्यवसायियों को जीएसटी व अन्य आवश्यक लाइसेंस अद्यतन रखने और इन सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।