पोंची में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई गई, महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
आशिष कुमार सिन्हा के आवास पोंची में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई*
सतबरवा (पलामू), 2 अक्टूबर। सामाजिक कार्यकर्ता आशिष कुमार सिन्हा के आवास पोंची में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘जय जवान जय किसान’ के प्रणेता लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जन्म जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर आशिष कुमार सिन्हा ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने 1942 में ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ का नारा दिया था, जिसके परिणामस्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा। आजादी की लड़ाई में गांधी जी का योगदान अविस्मरणीय है। हमें उनके बताए रास्ते पर चलते हुए सत्य, अहिंसा एवं सरल जीवन के आदर्शों को अपनाना चाहिए।
आशिष सिन्हा ने लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने देश की सुरक्षा एवं किसानों की मजबूती के लिए ‘जय जवान जय किसान’ का ऐतिहासिक नारा दिया, जो आज भी देश की पहचान बना हुआ है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन आशिष कुमार सिन्हा, सामाजिक कार्यकर्ता, सतबरवा (पलामू) द्वारा किया गया।

