दिल्ली झारखंड भवन की लिफ्ट में फंसा पूर्व सांसद का परिवार, 6 सदस्य बेहोश
दिल्ली में झारखंड भवन में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया. पूर्व सांसद घूरन राम का परिवार दिल्ली के झारखंड भवन में कई घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा. इस घटना में पूर्व सांसद के बेटे-बहू समेत परिवार के छह सदस्य बेहोश हो गए. सभी को इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. सभी की हालत खतरे से बाहर है. घटना 29 सितंबर की है.
घटना को लेकर पूर्व सांसद घूरन राम ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहे. इस दौरान मौके पर लिफ्ट का कोई इंजीनियर या टेक्नीशियन मौजूद नहीं था. रेस्टोरेंट में कार्य करने वाले लोगों ने लिफ्ट तोड़कर सभी को बाहर निकाला. इस दौरान सभी बेहोश हो गए थे. इलाज के लिए सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां सभी की हालत खतरे से बाहर है. डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज किया जा रहा है.पूर्व सांसद ने बताया कि पुराने झारखंड भवन में कोई भी सुविधा मौजूद नहीं है और न कोई कर्मी रहता है. उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण उनके परिवार पर बड़ी आफत आ सकती थी. पूर्व सांसद ने झारखंड भवन का संचालन करने वाले लोगों पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं.इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़वा और पलामू के लोगों ने दुख व्यक्त किया और पूर्व सांसद से बातचीत की है. पूर्व सांसद और उनका पूरा परिवार फिलहाल दिल्ली में ही है. पूर्व सांसद घूरन राम मूल रूप से गढ़वा के रहने वाले हैं. 2007 में लोकसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर उन्होंने पलामू संसदीय क्षेत्र से सांसद का चुनाव जीता था. फिलहाल, वह भाजपा में हैं.

