गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक जांच, भोग प्रतिष्ठान, फ्लोर मिल और स्कूल का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तेलगांव व करौंदी में की औचक जांच
भोग प्रतिष्ठान, आटा मिल और स्कूल के मध्याह्न भोजन की परखी गुणवत्ता, बच्चों को स्वच्छता व स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
गुमला। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तेलगांव और करौंदी क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। संयुक्त जांच अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर एवं आशा राज के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने तेलगांव स्थित मेसर्स हरि नारायण भोग का औचक निरीक्षण कर खाद्य सामग्रियों के रखरखाव, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और गुणवत्ता की जांच की। इसके बाद टीम करौंदी स्थित मेसर्स हनुमान फ्लोर मिल पहुंची, जहां अनाज की पिसाई, आटा तैयार करने की प्रक्रिया और खाद्य मानकों के अनुपालन की पड़ताल की गई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, करौंदी का भी औचक निरीक्षण किया। यहां बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की स्वच्छता तथा भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले तेल, मसाले और अनाज आदि की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन और रसोइयों को साफ-सफाई के मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा बच्चों को ताजा, पौष्टिक और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बच्चों को बताए स्वच्छता और स्वस्थ रहने के तरीके
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने स्कूली बच्चों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए भोजन करने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोना बेहद जरूरी है। उन्होंने नियमित रूप से व्यायाम करने और शरीर को स्वस्थ रखने की भी सलाह दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों और स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विभाग की जांच आगे भी जारी रहेगी।




