जेटेट 2026 परीक्षा 1 नवंबर को, 4.40 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; 15 अक्टूबर से एडमिट कार्ड

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा। लंबे अंतराल के बाद होने वाली इस परीक्षा में 4.40 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अनुसार परीक्षा राज्य के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में होगी।
कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और कक्षा 1 से 5 के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थी 15 अक्तूबर से जैक की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले रिपोर्ट करना होगा। मुख्य गेट परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।