झुमरी तिलैया में विश्व हृदय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने लिया स्वस्थ रहने का संकल्प

झारखंड कॉलेज ऑफ फार्मेसी, झुमरी तिलैया में मनाया गया ‘विश्व हृदय दिवस’
झुमरी तिलैया (कोडरमा): स्थानीय झारखंड कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच हृदय स्वास्थ्य, उससे जुड़ी बीमारियों और बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में कॉलेज के समन्वयक अरमान हुसैन, प्राचार्य मिथिलेश कुमार, सहायक प्राध्यापक उज्ज्वल कुमार और अनिल कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्राचार्य मिथिलेश कुमार ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, खराब खानपान और तनावपूर्ण दिनचर्या के कारण युवाओं में भी हृदय संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिन्हें स्वस्थ जीवनशैली से ही रोका जा सकता है। कार्यक्रम के समन्वयक अरमान हुसैन ने छात्रों को नियमित व्यायाम करने, जंक फूड से परहेज करने और एक अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
सहायक प्राध्यापक उज्ज्वल कुमार और अनिल कुमार ने फार्मेसी के छात्रों को हृदय रोगों के चिकित्सीय पहलुओं, शुरुआती लक्षणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय रहते अगर सही खानपान और दिनचर्या में सुधार कर लिया जाए, तो दिल की गंभीर बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
इस अवसर पर कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने तथा अपने परिवार के हृदय को स्वस्थ रखने का संकल्प लिया।