पांकी मजदूर किसान महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़ा सह रामधारी सिंह दिनकर स्मृति समारोह आयोजित

पांकी मजदूर किसान महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़ा सह रामधारी सिंह दिनकर स्मृति समारोह आयोजित

​पांकी
मजदूर किसान महाविद्यालय के स्मार्ट क्लासरूम में हिंदी विभाग द्वारा आई.क्यू.ए.सी. (IQAC) के सहयोग से हिंदी पखवाड़ा सह राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की स्मृति में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य द्वारा मां शारदे और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य ने कहा कि भारतवासी होने के नाते हमें अपनी भाषा हिंदी पर गर्व होना चाहिए। हिंदी विश्व की सबसे समृद्ध भाषाओं में से एक है और हमें जीवन के हर क्षेत्र में इसका सम्मान करना चाहिए।
​हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. बंशीधर सिंह ने कहा कि दिनकर जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से जन-सामान्य की चेतना को जागृत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने आह्वान किया कि अपने व्यवहार, व्यवसाय, कार्यालयी कार्यों और संचार में हिंदी का प्रयोग कर इसे समृद्ध बनाएं।
प्रो. तिवारी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी दुनिया की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है, फिर भी अभिजात वर्ग औपनिवेशिक मानसिकता से पूरी तरह मुक्त नहीं हो सका है। जिस भाषा को देश की बहुसंख्यक आबादी बोलती है, वही राष्ट्र की सांस्कृतिक व भाषाई पहचान बनती है। हमारे साहित्य में लोक संस्कृति और बेहतर प्रशासन के सूत्र मौजूद हैं।
​कार्यक्रम का सफल संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. बंशीधर सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजीव रंजन द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।